×

वाराणसी में तय रूट से गंगा में चलेंगी नावें, हर यात्री के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य: सीपी मोहित अग्रवाल सख्त

वाराणसी में तय रूट से गंगा में चलेंगी नावें, हर यात्री के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य: सीपी मोहित अग्रवाल सख्त

वाराणसी। बनारस में गंगा घाटों की सुरक्षा और नाव संचालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त Mohan Agarwal (सीपी मोहित अग्रवाल) ने रविवार को मोटरबोट से प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा नाव संचालन गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गंगा में नाव संचालन केवल निर्धारित रूट पर ही किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीपी ने कहा कि सभी नाविक तय मार्गों का पालन करें और नावों में क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं। साथ ही प्रत्येक यात्री के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य किया जाए। उन्होंने तेज हवा, अधिक जल प्रवाह और गहरे जल क्षेत्र में नाव संचालन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस आयुक्त ने चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वाटर सेफ्टी नेट की मजबूती को परखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को केवल सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने के लिए जागरूक किया जाए और गहरे पानी में जाने से रोका जाए। इसके साथ ही घाटों पर लगातार पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के उपयोग पर भी जोर दिया गया। साथ ही स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

निरीक्षण के बाद पुलिस आयुक्त मंडुवाडीह थाने पहुंचे, जहां उन्होंने नवागंतुक आरक्षियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आरक्षियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण देकर उन्हें दक्ष, अनुशासित और सक्षम पुलिसकर्मी के रूप में विकसित किया जाए। इस दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल और एडीसीपी काशी वैभव बांगर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Share this story