×

वाराणसी में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप! कई घायल...

chaubeypur thana
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और लात-घूंसों से जमकर हमला हुआ।

वाराणसी, चौबेपुर। क्षेत्र के सरैया नंबर-2 गांव में जमीन को लेकर पुराना विवाद शुक्रवार को हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, 1 मई 2026 की सुबह करीब 9 बजे अंबिका प्रसाद अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई करा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के संदीप, दीपक कुमार, दूधनाथ, मुरलीधर, अनिल कुमार सहित कई लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और लात-घूंसों से जमकर हमला हुआ। बीच-बचाव करने आई महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया, जिससे कई लोग चोटिल हो गए।

इस घटना में अंबिका प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके भाई का हाथ टूट गया। अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव था, जो अब हिंसा में बदल गया।

Share this story