भाजपा प्रदेश मंत्री मीना चौबे का धूमधाम से मनाया गया जन्मदिन

वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के बीकापुर गांव में रविवार को भाजपा प्रदेश मंत्री मीना चौबे का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह आयोजन ग्राम प्रधान परमानंद गिरि के आवास पर किया गया, जिसमें भारी संख्या में कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मीना चौबे ने कहा, एक स्त्री दुहिता होती है, जो दो परिवारों के बीच समन्वय बनाकर चलती है। यदि उसे समाज सेवा का अवसर मिले, तो वह अहिल्याबाई होल्कर जैसी प्रेरणा बन सकती है। आज भाजपा सरकार में महिलाओं को बराबरी का अधिकार मिला है, यह देखकर अत्यंत सुखद अनुभव होता है।
जन्मदिवस की शुभकामनाएं देने पहुंचे कार्यकर्ताओं को ग्राम प्रधान परमानंद गिरि और भाजपा जिला मंत्री पवन चौबे ने अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से चिरईगांव ब्लॉक प्रमुख अभिषेक सिंह चंचल, विकास प्राधिकरण सदस्य अमरीश सिंह भोला, भाजपा जिला मंत्री पवन चौबे, ग्राम प्रधान परमानंद गिरि, ग्राम प्रधान राजेश उपाध्याय, श्रीकांत पाठक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।