सावन के दूसरे सोमवार पर काशी में बड़ा ट्रैफिक प्लान, 60 घंटे तक कांवड़ियों के लिए रिजर्व रहेगा मार्ग
वाराणसी। सावन के दूसरे सोमवार पर काशी में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। गुड़िया बॉर्डर से चांदपुर तक का प्रमुख मार्ग करीब 60 घंटे तक कांवड़ियों के लिए रिजर्व रहेगा। इस दौरान कांवड़ वाहनों के अलावा अन्य वाहनों को इस लेन पर संचालन की अनुमति नहीं होगी। वहीं शहर के प्रमुख धार्मिक क्षेत्रों में नो-व्हीकल जोन की व्यवस्था भी लागू रहेगी।
कांवड़ियों के लिए रिजर्व रहेगी सड़क
यातायात पुलिस के अनुसार शनिवार रात 8 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक मिर्जामुराद के गुड़िया बॉर्डर, रखौना अंडरपास, राजातालाब, मोहनसराय और मुढ़ैला तिराहा से चांदपुर तक बाईं लेन कांवड़ वाहनों के लिए सुरक्षित रहेगी।
मोहनसराय-चांदपुर चौराहे की बाईं लेन मंगलवार सुबह 8 बजे के बाद सामान्य यातायात के लिए खोली जाएगी। इस दौरान कांवड़ियों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी।
नियमित नो-एंट्री व्यवस्था भी रहेगी बंद
रविवार और सोमवार की रात 11 बजे से लागू होने वाली नियमित नो-एंट्री व्यवस्था इस बार नहीं खोली जाएगी। हालांकि सब्जी, फल, दूध, समाचार पत्र और एलपीजी गैस की आपूर्ति करने वाले वाहनों को प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और दशाश्वमेध घाट की ओर जाने वाले कई मार्गों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की पैदल आवाजाही सुचारू बनी रहे।
विश्वनाथ धाम जाने वाले मार्गों पर पैदल आवाजाही
रविवार रात से मंगलवार सुबह 6 बजे तक बेनिया, रामापुरा, खारी कुआं, जंगमबाड़ी, सोनारपुरा-मदनपुरा और गोदौलिया की ओर जाने वाले निर्धारित मार्गों पर केवल पैदल आवाजाही की व्यवस्था रहेगी।
इसके अलावा मैदागिन-चौक-गोदौलिया, गोदौलिया-दशाश्वमेध घाट और पीडीआर लक्सा-रामापुरा मार्गों पर भी नो-व्हीकल जोन की व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
बसों के लिए भी तय किए गए वैकल्पिक रूट
यातायात पुलिस ने रोडवेज और निजी बसों के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं। प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली की ओर से आने वाली बसें एनएच-19 से रखौना ओवरब्रिज और हरहुआ के रास्ते वाराणसी शहर में प्रवेश करेंगी।
वहीं गाजीपुर, आजमगढ़ और जौनपुर की ओर से आने वाली बसों के लिए हरहुआ, गिलट बाजार, शिवपुर चुंगी, फुलवरिया और लहरतारा होते हुए कैंट बस स्टेशन तक का मार्ग निर्धारित किया गया है।
ई-रिक्शा और ऑटो के लिए छह रूट
शहर में यातायात का दबाव कम करने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन हेतु छह वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। इनमें गोलगड्डा तिराहा-लकड़मंडी-विशेश्वरगंज और लहुराबीर-जयसिंह चौराहा-भिखारीपुर समेत अन्य मार्ग शामिल हैं।
दूसरे सोमवार पर बढ़ सकती है श्रद्धालुओं की भीड़
पुलिस के अनुसार सावन के दूसरे सोमवार पर पिछले सोमवार की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रहने की संभावना है। छुट्टियों के कारण इस सप्ताह काशी में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने का अनुमान है। अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं के समूह के भी काशी पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया है।
