वाराणसी पुलिस की बड़ी सफलता, TGT परीक्षा फर्जीवाड़े का वांछित आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा में साल्वर गैंग के माध्यम से धोखाधड़ी कराने के मामले में कमिश्नरेट पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। चेतगंज थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी अमन कुमार को जनपद बलिया से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से आरोपी को उसके गांव एकसार पिपरौली, थाना उभांव, जनपद बलिया से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण का खुलासा 4 जून 2026 को हुआ था। पीएम श्री क्वींस इंटर कॉलेज, लहुराबीर के प्रधानाचार्य की तहरीर पर चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि टीजीटी भर्ती परीक्षा में मूल अभ्यर्थी के स्थान पर एक साल्वर (डमी परीक्षार्थी) बैठाकर परीक्षा दिलाई गई थी। मामले में पूर्व में मुख्य साल्वर सहित उसके कई सहयोगियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी अमन कुमार ने स्वीकार किया कि परीक्षा उत्तीर्ण करने के उद्देश्य से उसने साल्वर गैंग की सहायता ली थी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश, 2024 के तहत विधिक कार्रवाई की है।
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए नकल माफिया एवं साल्वर गैंग के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
