अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज के 16 शिक्षकों को बड़ी राहत! कुलपति ने सेवा बहाली के दिए आदेश
वाराणसी। अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज से पिछले वर्ष सेवा से हटाए गए 16 शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति ने मामले की सुनवाई के बाद कॉलेज प्रबंधन को सभी शिक्षकों की सेवा बहाल करने और नियमानुसार वेतन सहित अन्य देयकों का भुगतान करने का निर्देश दिया है। हालांकि कॉलेज प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम निर्णय प्रबंध समिति की बैठक में लिया जाएगा।
जून 2025 में हटाए गए थे शिक्षक
जानकारी के अनुसार, जून 2025 में कॉलेज प्रबंधन ने 16 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। प्रबंधन ने इसके पीछे शिक्षकों के अनुमोदन न होने, कम उपस्थिति और अन्य प्रशासनिक कारणों का हवाला दिया था। इसके बाद प्रभावित शिक्षक लगातार न्याय की मांग को लेकर कॉलेज, विश्वविद्यालय और अन्य मंचों पर अपनी बात रखते रहे।
मुख्यमंत्री से भी लगाई थी गुहार
शिक्षकों ने 30 अगस्त 2025 को वाराणसी दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात कर सेवा बहाली की मांग की थी। इसके अलावा उन्होंने न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया। अदालत ने मामले की सुनवाई का दायित्व काशी विद्यापीठ के कुलपति को सौंपते हुए नियमानुसार निर्णय लेने का निर्देश दिया था।
कुलपति ने दिया सेवा बहाली का आदेश
न्यायालय के निर्देश के बाद कुलपति ने दोनों पक्षों की सुनवाई की और 30 जून 2026 को आदेश जारी करते हुए कॉलेज प्रबंधन को सभी 16 शिक्षकों की सेवा बहाल करने, बकाया वेतन और अन्य देयकों का भुगतान नियमानुसार करने का निर्देश दिया।
प्रबंधन बोला- अंतिम फैसला समिति करेगी
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह ने आदेश की जानकारी होने की पुष्टि करते हुए कहा कि कॉलेज से जुड़े अंतिम निर्णय प्रबंधन स्तर पर लिए जाते हैं।
वहीं कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि कुलपति का आदेश न्यायालय के निर्देशों की अलग व्याख्या पर आधारित है। इस संबंध में जल्द ही प्रबंध समिति की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें आगे की कार्रवाई पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
शिक्षकों को बढ़ी उम्मीद
कुलपति के आदेश के बाद लंबे समय से सेवा बहाली की मांग कर रहे शिक्षकों में नई उम्मीद जगी है। अब सभी की नजर कॉलेज प्रबंध समिति की बैठक और उसके अंतिम निर्णय पर टिकी हुई है।
