×

उत्तर रेलवे और इंडस टावर्स की बड़ी पहल! 175 रेलवे स्टेशनों पर महिलाओं के लिए मुफ्त सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित

उत्तर रेलवे और इंडस टावर्स की बड़ी पहल! 175 रेलवे स्टेशनों पर महिलाओं के लिए मुफ्त सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित

 

नई दिल्ली। महिला यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे और इंडस टावर्स ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इंडस टावर्स ने अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) कार्यक्रम ‘नारी सम्मान’ के तहत उत्तर रेलवे के सहयोग से 175 रेलवे स्टेशनों पर 500 सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित की हैं। इन मशीनों के माध्यम से अब तक करीब 3 करोड़ सैनिटरी नैपकिन महिलाओं को नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

यह सुविधा दिल्ली, फिरोजपुर, अंबाला, मुरादाबाद और लखनऊ मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर शुरू की गई है। सभी वेंडिंग मशीनें IoT (Internet of Things) आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम से लैस हैं, जिससे उनकी निगरानी और रखरखाव बेहतर तरीके से किया जा सके।

24 घंटे मिलेगी नि:शुल्क सुविधा

इस पहल का उद्देश्य महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी भी समय सैनिटरी नैपकिन की सहज और नि:शुल्क उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इससे रेलवे स्टेशनों पर महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी आवश्यक सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।

इंडस टावर्स ने बताया सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा

इंडस टावर्स लिमिटेड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर तेजिंदर कालरा ने कहा कि उत्तर रेलवे के साथ यह साझेदारी कंपनी की तकनीकी क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को गरिमापूर्ण और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराना कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उत्तर रेलवे ने बताया महिलाओं के सम्मान की दिशा में बड़ा कदम

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने कहा कि भारतीय रेल प्रतिदिन लाखों महिला यात्रियों को सेवाएं प्रदान करती है। ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह पहल रेलवे स्टेशनों को महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित और समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

'नारी सम्मान' कार्यक्रम के तहत चल रही पहल

यह अभियान इंडस टावर्स की प्रमुख CSR पहल 'प्रगति' के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नेशनल हेल्थ मिशन के तहत संचालित Menstrual Hygiene Scheme को मजबूती देना, मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सैनिटरी उत्पादों की आसान उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

2030 तक 15 करोड़ लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य

इंडस टावर्स ने बताया कि कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2030 तक 15 करोड़ (150 मिलियन) से अधिक लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालना है। महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Share this story