वाराणसी में गैस बुकिंग के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड, मोबाइल क्लोन कर खाते से 54,900 रुपये पार
वाराणसी। जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जाल्हूपुर गांव से साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति गैस बुकिंग के बहाने ठगों के जाल में फंसकर हजारों रुपये गंवा बैठा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जाल्हूपुर निवासी हरिश्चन्द्र सिंह ने 29 अप्रैल को घरेलू गैस बुकिंग के लिए IVR नंबर पर कॉल किया था। इसके अगले दिन 30 अप्रैल को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को भारत गैस एजेंसी का कर्मचारी बताया।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
ठग ने पीड़ित से कहा कि उनकी गैस बुकिंग सफल नहीं हुई है और उसे दोबारा प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद उसने एक लिंक भेजकर “गैस डिलीवरी” नाम का ऐप डाउनलोड करने को कहा।
वेरिफिकेशन के नाम पर आरोपी ने 2 रुपये ट्रांसफर करने को कहा। जैसे ही पीड़ित ने निर्देशों का पालन किया, साइबर अपराधी ने मोबाइल क्लोन कर लिया और उनके बैंक खाते से कुल 54,900 रुपये निकाल लिए।
पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित के पास ठगी से संबंधित UPI ट्रांजेक्शन आईडी और कॉल करने वाले का मोबाइल नंबर भी मौजूद है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी निजी जानकारी कहीं से लीक हुई है। घटना के बाद पीड़ित ने थाना चौबेपुर में तहरीर दी, जिसके आधार पर अज्ञात साइबर ठग (मोबाइल नंबर 90621XXXXX) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साइबर टीम की मदद से आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। बिना सत्यापन के कोई ऐप डाउनलोड न करें। बैंकिंग या UPI संबंधित जानकारी किसी से साझा न करें। छोटी सी लापरवाही बड़ी ठगी में बदल सकती है। सतर्क रहें और साइबर अपराधियों से बचें।
