वाराणसी में ATS की बड़ी कार्रवाई! डॉक्टर और बेटे से 8 घंटे पूछताछ, कश्मीरी मॉड्यूल से कनेक्शन का शक
वाराणसी के आदमपुर क्षेत्र में मुंबई और लखनऊ ATS ने डॉक्टर और उसके बेटे से 8 घंटे पूछताछ की। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए गए और 22 अप्रैल को मुंबई बुलाया गया। कश्मीरी मॉड्यूल से कनेक्शन की जांच जारी।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आदमपुर थाना क्षेत्र के ऑकालेश्वर इलाके में एक डॉक्टर और उसके बेटे से करीब 8 घंटे तक गहन पूछताछ की। इस दौरान टीम ने घर से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त किए।
मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई एटीएस को डॉक्टर के बेटे के मोबाइल नंबर के जरिए संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले थे। इसी आधार पर मुंबई एटीएस ने लखनऊ एटीएस और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस किए जब्त
कार्रवाई के दौरान टीम ने घर के अंदर मौजूद कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, प्रिंटर, नोटबुक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अपने कब्जे में ले लिए। पूछताछ के दौरान परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल, बैंक डिटेल्स और संपर्कों की भी जांच की गई।
पूरे इलाके को किया गया सील
जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति को घर के अंदर आने या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। कोतवाली एसीपी फोर्स के साथ मौके पर तैनात रहे और पूरे इलाके की निगरानी की गई।
22 अप्रैल को मुंबई बुलाया गया
पूछताछ के बाद मुंबई एटीएस ने डॉक्टर, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को 22 अप्रैल को मुंबई बुलाया है, जहां उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।
कश्मीरी मॉड्यूल से जुड़े होने का शक
एटीएस सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में कश्मीरी मॉड्यूल से संभावित कनेक्शन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी जांच जारी है और आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
परिवार की पृष्ठभूमि
बताया जा रहा है कि डॉक्टर का हनुमान फाटक के पास निजी अस्पताल है। उनके भाई साड़ी के कारोबार से जुड़े हैं और परिवार का व्यापारिक गतिविधियों से भी संबंध है। बेटा नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी कर रहा है, जिससे भी पूछताछ की गई है।
