काशी-तमिल संगमम से जुड़ेंगे बीएचयू के युवा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में निभाएंगे अहम भूमिका
वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, साहित्यिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले काशी-तमिल संगमम 5.0 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और आईआईटी बीएचयू के विद्यार्थी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस आयोजन में विद्यार्थी स्वयंसेवक के रूप में अपनी सेवाएं देंगे और विभिन्न गतिविधियों के संचालन में सहयोग करेंगे।
इस संबंध में काशी हिंदू विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण कराने की अपील की है। इच्छुक छात्र काशी-तमिल संगमम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आयोजन में स्वयंसेवक के रूप में भागीदारी करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
संगमम के मुख्य आयोजन से पहले कई प्री-इवेंट गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताएं, अकादमिक और साहित्यिक आयोजन प्रमुख रूप से शामिल होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों के साथ संवाद और सहभागिता का अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, बीएचयू के विभिन्न संकायों, संबद्ध महाविद्यालयों और आईआईटी बीएचयू के विद्यार्थी आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं में स्वयंसेवक के रूप में योगदान दे सकते हैं। इसके लिए प्री-इवेंट गतिविधियों और पंजीकरण से संबंधित जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को देश की विविध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना और काशी तथा तमिलनाडु के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करना है। साथ ही विद्यार्थियों की भागीदारी के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।
