×

BHU Recruitment 2026: 11 पदों पर भर्ती, योग्य अभ्यर्थियों को मिलेगा आकर्षक वेतन

BHU में नॉन-टीचिंग के 11 पदों पर निकली भर्ती, ₹2.09 लाख तक मिलेगी सैलरी, 25 नवंबर तक करें आवेदन

BHU में नॉन-टीचिंग के 11 पदों पर निकली भर्ती, ₹2.09 लाख तक मिलेगी सैलरी, 25 नवंबर तक करें आवेदन

 

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। विश्वविद्यालय के कंप्यूटर सेंटर में ग्रुप-A और ग्रुप-C के अंतर्गत 11 नॉन-टीचिंग पदों पर भर्ती निकाली गई है। इस भर्ती में तकनीकी पदों के साथ-साथ कंप्यूटर ऑपरेटर, एसी ऑपरेटर और अटेंडेंट के पद भी शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 18 हजार रुपये से लेकर 2 लाख 9 हजार 200 रुपये तक का वेतनमान मिलेगा।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 03/2026-2027 के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 25 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक दस्तावेजों के साथ 30 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक विश्वविद्यालय में जमा करनी होगी।

इन पदों पर होगी भर्ती

भर्ती के तहत सिस्टम इंजीनियर का एक पद, जूनियर मेंटेनेंस इंजीनियर का एक पद, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-I के तीन पद, एसी ऑपरेटर के तीन पद, लैबोरेटरी अटेंडेंट का एक पद और वर्कशॉप अटेंडेंट के दो पद शामिल हैं। कुल 11 पदों में सात अनारक्षित और चार अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए निर्धारित हैं।

पद के अनुसार आयु सीमा और वेतन

सिस्टम इंजीनियर पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष और वेतनमान 78,800 से 2,09,200 रुपये निर्धारित है। जूनियर मेंटेनेंस इंजीनियर के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष तथा वेतनमान 56,100 से 1,77,500 रुपये है। कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-I के लिए अधिकतम आयु 32 वर्ष और वेतनमान 29,200 से 92,300 रुपये निर्धारित किया गया है।

इसी प्रकार एसी ऑपरेटर पद के लिए 21,700 से 69,100 रुपये तथा लैबोरेटरी और वर्कशॉप अटेंडेंट के लिए 18,000 से 56,900 रुपये का वेतनमान निर्धारित है। इन पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष है।

शैक्षणिक योग्यता और चयन प्रक्रिया

अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग निर्धारित की गई है। सिस्टम इंजीनियर जैसे तकनीकी पदों के लिए कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी अथवा संबंधित विषयों में उच्च शैक्षणिक योग्यता के साथ निर्धारित कार्य अनुभव जरूरी है। अन्य पदों के लिए संबंधित विषयों में डिग्री, डिप्लोमा, आईटीआई या निर्धारित तकनीकी योग्यता की आवश्यकता होगी।

अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा और कौशल परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन होगा।

आवेदन शुल्क और जरूरी तारीखें

ग्रुप-A के अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1,000 रुपये निर्धारित है। वहीं ग्रुप-C के इन वर्गों के अभ्यर्थियों को 500 रुपये शुल्क देना होगा। एससी, एसटी, दिव्यांग और सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन निःशुल्क है।

इच्छुक अभ्यर्थी बीएचयू की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट www.bhu.ac.in/rac पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले पदवार योग्यता, अनुभव, आयु सीमा और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक विज्ञापन में अवश्य जांच लें।

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 और हार्ड कॉपी जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

Share this story