BHU में बुजुर्गों के लिए बन रहा अत्याधुनिक स्वास्थ्य केंद्र, CM योगी ने किया निरीक्षण, जल्द शुरू होंगी सेवाएं...
वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) में विकसित किए जा रहे नेशनल सेंटर ऑफ एजिंग (NCA) के जल्द संचालन की दिशा में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने केंद्र के विभिन्न तल का भ्रमण कर निर्माण की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को शेष कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि प्रारंभिक चरण में भूतल और प्रथम तल पर 52 बेड के साथ स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जाएंगी।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि केंद्र में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, फर्नीचर और मानव संसाधनों की व्यवस्था तेजी से की जा रही है तथा 30 जून तक संपूर्ण परियोजना तैयार हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कार्यों की गति पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के वृद्धजनों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल बताया।
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सहयोग से विकसित यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों को समर्पित एक विशेष चिकित्सा संस्थान होगा। यहां जेरियाट्रिक मेडिसिन के साथ-साथ नेफ्रोलॉजी, रेडियोलॉजी, एनेस्थीसिया, सर्जरी और अन्य विशेषज्ञ विभागों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
केंद्र में 120 सामान्य बेडों के अलावा 38 क्रिटिकल केयर बेड, डायलिसिस यूनिट, डे-केयर सुविधा, फिजियोथेरेपी सेंटर, स्लीप लैब, निजी कक्ष, रेडियो डायग्नोस्टिक सुविधाएं और मल्टीस्पेशियलिटी ओपीडी संचालित की जाएंगी। इससे बुजुर्ग मरीजों को विभिन्न चिकित्सा सेवाओं के लिए अलग-अलग अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग स्थापित करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए वृद्धजनों के लिए बेहतर स्वास्थ्य ढांचा विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
नेशनल सेंटर ऑफ एजिंग के संचालन से वाराणसी ही नहीं बल्कि पूर्वांचल और आसपास के राज्यों के लाखों वरिष्ठ नागरिकों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह केंद्र शिक्षा, प्रशिक्षण और शोध के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
