BHU Dog Attack: तीन दिन बाद महिला प्रोफेसर ने माना, बच्चे को कुत्ते ने काटा, बोलीं- अब नहीं पालूंगी, मांगी माफी...
वाराणसी। बीएचयू कैंपस में 13 अगस्त को 11 वर्षीय बच्चे अभिनव पर हुए कुत्ते के हमले के मामले में रविवार को नया मोड़ सामने आया। हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. श्रद्धा सिंह बच्चे को देखने ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं।
बच्चे के पिता प्रेमाराम के अनुसार, इस दौरान प्रो. श्रद्धा सिंह ने माना कि बच्चे को कुत्ते ने ही काटा था। इससे पहले उन्होंने बच्चे को बाइक से चोट लगने की बात कही थी।
ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर बच्चे का जाना हाल
प्रो. श्रद्धा सिंह ने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती अभिनव और उसके पिता प्रेमाराम से मुलाकात की। उन्होंने बच्चे का हाल जाना और घटना को लेकर माफी मांगी।
पिता के मुताबिक, प्रोफेसर ने यह भी कहा कि वह भविष्य में कुत्ता नहीं पालेंगी।
11 साल के अभिनव को कुत्ते के हमले में गंभीर चोटें आई हैं और उसके चेहरे पर करीब 50 टांके लगे हैं।
पिता प्रेमाराम का कहना है कि बच्चा अभी बोल नहीं पा रहा है और घटना के बाद से मानसिक रूप से भी काफी आघात में है। चेहरे पर सूजन और दर्द की समस्या बनी हुई है।
कुत्ते के टीकाकरण का कार्ड दिखाया
बच्चे के पिता के अनुसार, मुलाकात के दौरान प्रो. श्रद्धा सिंह ने बताया कि कुत्ते का समय पर टीकाकरण कराया गया था और उसका टीकाकरण कार्ड भी दिखाया। हालांकि बच्चे के इलाज और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर विश्वविद्यालय स्तर पर जांच जारी है।
पहले बाइक से चोट लगने की कही थी बात
इस मामले में पहले प्रो. श्रद्धा सिंह की ओर से बच्चे को कुत्ते के काटने की बात से इनकार करते हुए बाइक से चोट लगने की बात कही गई थी।
अब तीन दिन बाद बच्चे को देखने ट्रॉमा सेंटर पहुंचने और कुत्ते के काटने की बात स्वीकार किए जाने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
कुलपति के बाद आईएमएस निदेशक और ट्रॉमा सेंटर एमएस भी पहुंचे
घटना के बाद बीएचयू प्रशासन की ओर से बच्चे के इलाज पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले सप्ताह शुक्रवार को कुलपति प्रो. अजित चतुर्वेदी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे और बच्चे का हाल जाना था। उन्होंने डॉक्टरों से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद शनिवार को आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार और ट्रॉमा सेंटर के एमएस प्रो. पुनीत भी बच्चे को देखने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की और बच्चे को हर संभव बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
बच्चे की हालत पर परिवार चिंतित
बच्चे के पिता प्रेमाराम का कहना है कि हमले के बाद अभिनव को गंभीर चोटें आई हैं और उसे ठीक होने में अभी समय लगेगा। परिवार बच्चे की शारीरिक स्थिति के साथ-साथ उसके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी चिंतित है।
बीएचयू कैंपस में कुत्ते के हमले की यह घटना अब विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए भी गंभीर सवाल बन गई है। मामले में जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही आगे की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
