×

BHU का 106वां दीक्षांत समारोह 12 दिसंबर को, 530 मेधावियों को मिलेंगे पदक, छह दिन होगा परिधान वितरण

BHU NCCE Registration 2026: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 22 अक्टूबर तक मौका

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) का 106वां दीक्षांत समारोह 12 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। स्वतंत्रता भवन में होने वाले समारोह में विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थियों को कुल 530 पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 40 से अधिक मेधावियों को मुख्य समारोह के दौरान मंच से स्वर्ण पदक दिए जाने की तैयारी है।

दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन सहमति फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन पिछले वर्ष की व्यवस्था के तहत इस बार भी विद्यार्थियों से ऑनलाइन माध्यम से उनकी सहभागिता की जानकारी जुटा रहा है। इससे समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या का आकलन किया जा सकेगा।

छह से 11 दिसंबर तक मिलेगा दीक्षांत परिधान

समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को छह से 11 दिसंबर तक विभिन्न संकायों में दीक्षांत परिधान वितरित किए जाएंगे। संकायवार वितरण की व्यवस्था बनाई गई है, ताकि छात्र-छात्राएं तय अवधि में अपने परिधान प्राप्त कर सकें। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अगले सप्ताह आधिकारिक आदेश जारी किए जाने की संभावना है।

दिसंबर के पहले सप्ताह में जारी होगी पदक विजेताओं की सूची

विश्वविद्यालय प्रशासन यूजी, पीजी और अन्य पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की सूची तैयार कर रहा है। पदक और उपाधि पाने वाले विद्यार्थियों के नामों को अंतिम रूप देने के बाद दिसंबर के पहले सप्ताह में सूची जारी किए जाने की तैयारी है। विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों को मिलाकर कुल 530 पदक वितरित किए जाएंगे।

परीक्षा नियंत्रक अवधेश कुमार के अनुसार, दीक्षांत समारोह की तैयारियां जारी हैं। संबंधित संकायों के माध्यम से विद्यार्थियों को परिधान उपलब्ध कराए जाएंगे। पदक और उपाधि प्राप्त करने वालों की सूची विश्वविद्यालय के नियमानुसार जारी होगी। समारोह में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को ऑनलाइन सहमति फॉर्म भरना होगा।

Share this story