×

22 लाख की सुपारी, हत्या और फिर फरारी... अस्सी घाट पर विवेक का इंतजार करता रहा पुनीत

22 लाख की सुपारी, हत्या और फिर फरारी... अस्सी घाट पर विवेक का इंतजार करता रहा पुनीत
 श्रेया हत्याकांड में बड़ा खुलासा: 22 लाख की सुपारी लेने अस्सी घाट पहुंचा था पुनीत, विवेक ने दिया धोखा

वाराणसी। श्रेया उपाध्याय हत्याकांड की जांच में एक और अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस जांच के अनुसार, हत्या के बाद मुख्य आरोपी विवेक चौबे ने सह आरोपी पुनीत को सुपारी की रकम के तौर पर 22 लाख रुपये देने के लिए अस्सी घाट बुलाया था। पुनीत तय स्थान पर पहुंच भी गया, लेकिन विवेक वहां नहीं आया। इसके बाद उसने कई बार विवेक के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, मगर कोई जवाब नहीं मिला। अगले दिन विवेक का मोबाइल भी बंद हो गया।

जांच में सामने आया है कि पुनीत ने दोस्ती और पैसों के लालच में इस वारदात को अंजाम देने में विवेक का साथ दिया था। हालांकि, हत्या के बाद जब दो दिनों तक उसे विवेक से संपर्क नहीं हो सका और तय रकम भी नहीं मिली तो उसे खुद के साथ धोखा होने का अहसास हुआ। इसके बाद वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश करता रहा।

पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड का मामला सामने आने के बाद पुनीत लहरतारा पहुंचा। वहां से बस के जरिए वह झारखंड के रांची चला गया। इसके बाद भी उसने विवेक की तलाश जारी रखी। वह विवेक के परिचितों से संपर्क करने के साथ ही उसके ननिहाल भुआलपुर, चुनार तक पहुंचा, ताकि विवेक के बारे में कोई जानकारी मिल सके।

कॉलेज जाते समय अगवा कर की गई थी हत्या

पुलिस जांच के अनुसार, 18 अगस्त को श्रेया उपाध्याय को कॉलेज जाते समय आरोपियों ने अगवा किया था। इसके बाद उसे बच्छाव के पास स्थित एक किराये के मकान में ले जाया गया, जहां कथित तौर पर गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच मुख्य आरोपी विवेक चौबे की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अब हत्या की साजिश, सुपारी की रकम और आरोपियों के बीच हुई बातचीत समेत अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share this story