×

बनारस से दिल्ली का सफर होगा और तेज, बुलेट ट्रेन से 3 घंटे 33 मिनट में पहुंचेंगे यात्री, वंदे भारत स्लीपर से लगेंगे 8 घंटे

बनारस से दिल्ली का सफर होगा और तेज, बुलेट ट्रेन से 3 घंटे 33 मिनट में पहुंचेंगे यात्री, वंदे भारत स्लीपर से लगेंगे 8 घंटे

वाराणसी। काशी से दिल्ली की रेल यात्रा आने वाले समय में पहले से कहीं अधिक तेज होने वाली है। बुलेट ट्रेन कॉरिडोर तैयार होने के बाद वाराणसी से नई दिल्ली के बीच की दूरी महज 3 घंटे 33 मिनट में पूरी की जा सकेगी।

वहीं, यात्रियों को फिलहाल लंबी दूरी की रात की यात्रा के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सुविधा मिलेगी। इस ट्रेन से बनारस से दिल्ली तक का सफर करीब आठ घंटे में पूरा होगा। शनिवार, 31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बनारस रेलवे स्टेशन से वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है। वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें विकसित भारत की तस्वीर पेश कर रही हैं। इनसे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं, बल्कि देश के प्रमुख शहरों के बीच कनेक्टिविटी भी मजबूत हो रही है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि दिल्ली से वाराणसी के बीच प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर बनने के बाद यात्रा का समय घटकर लगभग साढ़े तीन घंटे रह जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मंजूरी दी है। प्रस्तावित मार्ग दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या होते हुए वाराणसी पहुंचेगा। इसके आगे पटना के रास्ते गुवाहाटी तक कनेक्टिविटी विकसित करने की योजना है।

दिल्ली से आगरा पहुंचने में लगेंगे 59 मिनट

रेल मंत्री के मुताबिक, कॉरिडोर तैयार होने के बाद दिल्ली से आगरा का सफर करीब 59 मिनट, कानपुर का एक घंटा 45 मिनट और लखनऊ का दो घंटे 12 मिनट में पूरा हो सकेगा। वहीं, दिल्ली से वाराणसी पहुंचने में लगभग तीन घंटे 33 मिनट लगेंगे। हालांकि, ये समय प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के निर्माण और संचालन के बाद ही संभव होंगे।

रातभर के सफर में मिलेगी आधुनिक सुविधा

वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लंबी दूरी के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण विकल्प होगी। करीब आठ घंटे के सफर में यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के साथ रात में यात्रा करने का अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस सेवा को लेकर एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन की शुरुआत से यात्रियों के समय की बचत होगी और यात्रा का अनुभव बेहतर बनेगा।

स्थानीय यात्रियों के लिए मेमू सेवा भी शुरू

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 31 अक्टूबर को वाराणसी से तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की शुरुआत की जा रही है। इनमें वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के साथ स्थानीय आवागमन को बेहतर बनाने वाली मेमू सेवाएं और प्रयागराज के लिए नई रेल सेवा शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि छात्र वाराणसी सिटी से राजातालाब तक 95 रुपये के मासिक पास पर और वाराणसी से प्रयागराज तक मेमू ट्रेन से 220 रुपये में महीनेभर यात्रा कर सकेंगे।

सीएम ने कहा कि काशी की आबादी और यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में मजबूत रेल नेटवर्क की जरूरत भी बढ़ी है। बेहतर कनेक्टिविटी से धार्मिक पर्यटन, व्यापार, रोजगार और आसपास के क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु', विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और महापौर अशोक तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share this story