काशी में बारात के नाम पर मनमानी नहीं चलेगी! जाम और डीजे पर पुलिस आयुक्त सख्त
वाराणसी। शहर में शादी-विवाह के आयोजनों और बारात के दौरान यातायात बाधित होने, सड़कों पर जाम लगने तथा तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने की घटनाओं पर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने वैवाहिक आयोजनों को व्यवस्थित बनाने और आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए बारात संचालकों, मैरिज लॉन एवं बारात घर संचालकों और डीजे संचालकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि शादी-विवाह की खुशियों के नाम पर आम लोगों की आवाजाही बाधित करना और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के साथ ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार, बारात निकालते समय रस्सी का इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा। बारात सड़क के एक-तिहाई से अधिक हिस्से पर कब्जा नहीं कर सकेगी। बारात निकालने से पहले संबंधित थाने को सूचना देना भी जरूरी होगा। डीजे पर अश्लील और आपत्तिजनक गाने बजाने पर रोक रहेगी तथा ध्वनि का स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखना होगा। रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। उल्लंघन की स्थिति में डीजे सीज करने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
मैरिज लॉन और बारात घरों में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करना अनिवार्य होगा, ताकि वाहनों की वजह से सड़क पर जाम की स्थिति न बने। इसके साथ ही सभी मैरिज लॉन में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस उपायुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में मैरिज लॉन, बारात घर और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देशों की जानकारी देने को कहा है। वैवाहिक आयोजनों के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए थाना प्रभारी लगातार निगरानी रखेंगे। वहीं, शहर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर रात 11 बजे से यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस आपसी समन्वय से आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन भी लागू करेंगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य शादी-विवाह के आयोजनों को अनुशासित और सुरक्षित बनाना है, ताकि किसी भी आयोजन के कारण आम नागरिकों को जाम, शोरगुल और अन्य परेशानियों का सामना न करना पड़े। अब इन निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन पुलिस के लिए अहम चुनौती होगा।
