×

शरद पूर्णिमा पर बिंदु माधव मंदिर में शुरू होगा अन्नक्षेत्र, भक्तों को मिलेगा महाप्रसाद

शरद पूर्णिमा पर बिंदु माधव मंदिर में शुरू होगा अन्नक्षेत्र, भक्तों को मिलेगा महाप्रसाद

वाराणसी। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंचगंगा घाट स्थित प्राचीन बिंदु माधव मंदिर में भव्य अन्नक्षेत्र का पुनः संचालन शुरू होने जा रहा है। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 25 अक्टूबर को इसका विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए मंदिर परिसर में निर्माण और नवीनीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। अन्नक्षेत्र के शुरू होने से मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं, संतों और जरूरतमंदों को भोजन-प्रसाद की सुविधा मिलेगी।

बिंदु माधव न्यास के ट्रस्टी एवं मंदिर के महंत पं. मुरलीधर गणेश पटवर्धन के अनुसार, अन्नक्षेत्र की शुरुआत पिछले वर्ष की गई थी। हालांकि, कुछ तकनीकी कारणों और व्यवस्थागत सुधारों के चलते पिछले तीन महीने से इसका संचालन बंद था। अब आवश्यक सुधार पूरे कर इसे दोबारा श्रद्धालुओं के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है।

अन्नक्षेत्र में प्रतिदिन दोपहर के समय दो घंटे तक भोजन और प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके लिए मंदिर परिसर में एक विशेष डाइनिंग हॉल तैयार किया जा रहा है। यहां एक साथ 60 से 70 श्रद्धालु बैठकर भोजन ग्रहण कर सकेंगे। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पारंपरिक सात्विकता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

काशी में मां अन्नपूर्णा मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अन्नक्षेत्रों के बाद बिंदु माधव मंदिर में यह व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए एक और महत्वपूर्ण सुविधा होगी। पंचगंगा घाट क्षेत्र में आने वाले भक्तों के साथ संतों और जरूरतमंद लोगों को भी इससे लाभ मिलने की उम्मीद है।

शरद पूर्णिमा पर श्वेतांबर शृंगार और खीर का महाभोग

शरद पूर्णिमा के अवसर पर बिंदु माधव मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन भी होंगे। भगवान बिंदु माधव का श्वेतांबर शृंगार किया जाएगा। इस दौरान भगवान को विशेष खीर और ताजे माखन का महाभोग अर्पित किया जाएगा। धार्मिक परंपरा के अनुसार, शरद पूर्णिमा की रात खीर को चंद्रमा की रोशनी में रखा जाएगा और अगले दिन सुबह मंगला दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाएगा।

इस विशेष आयोजन और भगवान के दर्शन के लिए काशी सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। अन्नक्षेत्र का पुनः संचालन और शरद पूर्णिमा का धार्मिक उत्सव पंचगंगा घाट स्थित बिंदु माधव मंदिर में भक्तों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।

Share this story