काशी में अन्नकूट की धूम, छप्पन भोग से सजा बाबा विश्वनाथ का दरबार
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम और मां अन्नपूर्णा मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। बाबा विश्वनाथ के दरबार को 21 क्विंटल विभिन्न प्रकार की मिठाइयों से सजाया गया। वहीं छप्पन भोग, पारंपरिक पकवानों और मिष्ठानों से सजे भव्य अन्नकूट की झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी।

अन्नकूट पर्व के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम को फूलों, दीपों और सुगंधित धूप से आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान विश्वेश्वर महादेव के श्रृंगार में बूंदी के लड्डू, मेवा के लड्डू समेत विभिन्न पारंपरिक मिठाइयों का उपयोग किया गया। मंदिर परिसर में भोग-प्रसाद की सुगंध और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर भगवान विश्वनाथ, माता गौरी और गणेश जी की पंचबदन रजत चल प्रतिमा की विशेष शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा टेढ़ीनीम स्थित महंत परिवार के आवास से प्रारंभ होकर मंदिर पहुंची। शहनाई और डमरू की मंगल ध्वनि के बीच हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इसके बाद प्रतिमाओं को विधि-विधान के साथ गर्भगृह में विराजमान कराया गया। गर्भगृह में भगवान विश्वनाथ की मध्याह्न भोग आरती संपन्न हुई और विभिन्न प्रकार के व्यंजन अर्पित किए गए।
उधर, मां अन्नपूर्णा के दरबार में भी अन्नकूट पर्व पर विशेष आयोजन हुआ। मान्यता है कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मां अन्नपूर्णा ने संसार के पोषण और अन्न की उपलब्धता का आशीर्वाद प्रदान किया था। इसी आस्था के तहत श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचकर अन्न, धन, आरोग्य और समृद्धि की कामना करते हैं।

अन्नकूट पर्व भगवान श्रीकृष्ण की ओर से गोवर्धन पर्वत की पूजा किए जाने की परंपरा से भी जुड़ा है। यह पर्व प्रकृति, अन्न और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का प्रतीक माना जाता है। मंदिर में तैयार प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद के रूप में वितरित किया गया। दर्शन और प्रसाद प्राप्त करने के लिए भक्तों को कतार में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर प्रशासन तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
