अन्नदान फाउंडेशन ने 300 से अधिक सैनिटरी पैड वितरित कर बालिकाओं को किया जागरूक
वाराणसी। करौता स्थित आदर्श सरस्वती बालिका विद्यालय में अन्नदान फाउंडेशन की ओर से बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को मासिक धर्म से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देने के साथ ही 300 से अधिक सैनिटरी पैड का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में बालिकाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, सैनिटरी पैड के सही इस्तेमाल और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बालिकाओं को यह भी बताया गया कि मासिक धर्म एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए इससे जुड़ी किसी भी समस्या या परेशानी को लेकर संकोच करने के बजाय उचित जानकारी और सहायता लेना जरूरी है।

अन्नदान फाउंडेशन की महिला प्रतिनिधि मानसी गुप्ता ने बालिकाओं को सैनिटरी पैड के सही इस्तेमाल और मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को साफ-सफाई रखने, समय पर सैनिटरी पैड बदलने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के बारे में जागरूक किया।
वहीं महिला सशक्तिकरण प्रभारी विजेता बरनवाल ने बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बालिकाओं को अपने अधिकारों, सुरक्षा और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक किया। साथ ही नारी सशक्तिकरण और नारी शक्ति वंदन के बारे में जानकारी देते हुए बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी महिला सदस्यों ने मिलकर बालिकाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए। इस दौरान बालिकाओं से स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े विषयों पर बातचीत भी की गई और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूनम मौर्य उपस्थित रहीं। वहीं थाना प्रभारी अभिजीत सिंह अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अन्नदान फाउंडेशन की ओर से अध्यक्ष आयुष कुशवाहा, महिला प्रतिनिधि मानसी गुप्ता, सदस्य आदित्य यादव और तन्मय रॉय ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा, आत्मविश्वास, शिक्षा और नारी सशक्तिकरण के प्रति भी जागरूक किया गया।
अन्नदान फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी सही जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित करना रहा।
