Varanasi News: काशी पहुंचे अनंत अंबानी! बाबा विश्वनाथ से मां अन्नपूर्णा तक टेका माथा, 21 अर्चकों ने कराया विशेष पूजन
वाराणसी। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी मंगलवार को आध्यात्मिक नगरी काशी पहुंचे। अपने वाराणसी दौरे के दौरान उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर, मां अन्नपूर्णा मंदिर, दुर्गा मंदिर और संकटमोचन मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
शाम करीब 6:30 बजे श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचे अनंत अंबानी ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और विशेष पूजन किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित सप्तऋषि आरती में भी सहभागिता की। दर्शन के बाद वे मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे, जहां 21 अर्चकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष कुमकुम पूजन संपन्न कराया।
मां अन्नपूर्णा के दरबार में अनंत अंबानी ने पूजा-अर्चना कर देश और समाज के कल्याण की कामना की। मंदिर के महंत शंकर पुरी ने उन्हें प्रसाद स्वरूप मां की चुनरी, स्फटिक माला और देवी स्वरूप की तस्वीर भेंट की। इस दौरान उन्हें मंदिर ट्रस्ट द्वारा संचालित धार्मिक और सामाजिक सेवा कार्यों की जानकारी भी दी गई।
इसके बाद अनंत अंबानी दुर्गाकुंड स्थित मां दुर्गा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विशेष आरती और पूजन में भाग लिया। मंदिर के महंत कौशलपति द्विवेदी ने उन्हें माता की चुनरी और प्रसाद भेंट कर आशीर्वाद दिया।
अपने आध्यात्मिक दौरे के अंतिम चरण में अनंत अंबानी संकटमोचन मंदिर पहुंचे और हनुमान जी के दर्शन कर तुलसी दल एवं प्रसाद अर्पित किया। इसके बाद उन्होंने संत रविदास घाट पहुंचकर मां गंगा का दर्शन किया और काशी की धार्मिक परंपरा का अनुभव लिया।
अनंत अंबानी के काशी दौरे को लेकर मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही। दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी खास उत्साह देखने को मिला।
