×

आनंद काशी योजना को मिली रफ्तार! अगस्त से शुरू होंगे आवेदन, 150 एकड़ में विकसित होंगे 2000 से अधिक आवासीय प्लॉट

आनंद काशी योजना को मिली रफ्तार


वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की महत्वाकांक्षी आनंद काशी योजना अब तेजी से आकार ले रही है। योजना के लिए अगस्त 2026 से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य तय किया गया है। शुक्रवार को वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने कल्लीपुर स्थित निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण कर अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए।

150 एकड़ में विकसित होगी आधुनिक टाउनशिप

आनंद काशी योजना के प्रथम चरण में लगभग 150 एकड़ भूमि पर विकास कार्य किए जाएंगे। इस परियोजना के तहत 2,000 से अधिक आवासीय भूखंड विकसित किए जाएंगे, जिससे वाराणसी में नियोजित आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा।

अगस्त से पंजीकरण, दिसंबर तक प्रमुख कार्य पूरे करने का लक्ष्य

वीडीए ने योजना के लिए अगस्त 2026 से आवेदन आमंत्रित करने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही दिसंबर 2026 तक सड़क, जलापूर्ति, सीवरेज, विद्युत और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रमुख विकास कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।

वास्तु आधारित होगी पूरी योजना

वीसी पूर्ण बोरा ने बताया कि पूरी कॉलोनी को वास्तु सिद्धांतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। सुरक्षा के लिए चारों ओर परिधि दीवार बनाई जाएगी और नियंत्रित प्रवेश एवं निकास व्यवस्था विकसित की जाएगी।

योजना में 24 मीटर, 18 मीटर, 12 मीटर और 9 मीटर चौड़ी सड़कों का सुव्यवस्थित नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जिससे बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित होगी।

हरित क्षेत्र, होटल, अस्पताल और स्कूल की भी होगी सुविधा

परियोजना के कुल क्षेत्रफल का कम से कम 15 प्रतिशत (करीब 9 हेक्टेयर) हिस्सा हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

इसके अलावा योजना में 24 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क के किनारे व्यावसायिक भूखंड, ग्रुप हाउसिंग परियोजनाएं, होटल, अस्पताल. विद्यालयों के लिए अलग-अलग प्लॉट विकसित किए जाएंगे। वीडीए का मानना है कि भविष्य में यह क्षेत्र वाराणसी के प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक केंद्रों में शामिल होगा।

उच्च गुणवत्ता के साथ होगा निर्माण

निरीक्षण के दौरान वीडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। परियोजना को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शहरी नियोजन के साथ विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Share this story