वाराणसी पुलिस की तत्परता का उदाहरण, गुम हुआ मोबाइल घंटों में मिला वापस
वाराणसी। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र स्थित शीतला घाट पर गंगा आरती के दौरान खोया मोबाइल फोन वाराणसी पुलिस ने मात्र तीन घंटे के भीतर बरामद कर उसकी स्वामिनी को सौंप दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से प्रभावित होकर दिल्ली से आई भाजपा नेत्री ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार दक्षिणी दिल्ली भाजपा ओबीसी मोर्चा की महामंत्री अर्चना कुमारी गंगा आरती में शामिल होने शीतला घाट पहुंची थीं। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। मोबाइल न मिलने पर उन्होंने थाना दशाश्वमेध पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष के निर्देशन में शीतला घाट चौकी प्रभारी रवि सिंह ने तत्काल खोजबीन शुरू कराई। पुलिस की तत्परता और प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप शिकायत दर्ज होने के महज तीन घंटे के भीतर मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
मोबाइल मिलने के बाद चौकी प्रभारी रवि सिंह ने उसे अर्चना कुमारी को सुपुर्द किया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर उन्होंने वाराणसी पुलिस, विशेषकर दशाश्वमेध थाना एवं शीतला घाट चौकी पुलिस की कार्यकुशलता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की।
इस घटना ने एक बार फिर वाराणसी पुलिस की सक्रिय कार्यशैली तथा आमजन की समस्याओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को उजागर किया है।
