वाराणसी में युवक की हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, 31 अक्टूबर को हुई थी वारदात
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 2 नवंबर 2026 को उज्जवल पुरम, शाहूपुरी क्षेत्र से की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशन विश्वकर्मा (20) पुत्र स्व. राजू विश्वकर्मा निवासी प्लॉट नंबर-450, कोनिया घाट, थाना आदमपुर, वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 31 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। वादी की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि उसका भाई अंकित राजभर पुत्र स्व. छुन्नी राजभर घर से नदी की तरफ टहलने निकला था। इसी दौरान सुनील मौर्या की किराना दुकान के पास किशन विश्वकर्मा उर्फ बुड़े ने उसे देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान अजय विश्वकर्मा के साथ मारपीट की गई और अंकित राजभर पर गैस सिलेंडर से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन आनन-फानन में अंकित को कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आदमपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0191/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 352 में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी किशन विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए गलती के लिए माफी मांगी। हालांकि, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से कोई बरामदगी नहीं हुई।
इस कार्रवाई में आदमपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ एसओजी और सर्विलांस सेल की टीम भी शामिल रही।
