अखिलेश यादव का वाराणसी दौरा कल, राजेश यादव नत्थू के परिजनों से करेंगे मुलाकात
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार, 3 नवंबर को वाराणसी के दौरे पर आएंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों की ओर से कार्यक्रम की जानकारी साझा की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव सुबह 11:45 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पहुंचेंगे।
एयरपोर्ट से वह सबसे पहले सीर गोवर्धनपुर जाएंगे। यहां समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रहे स्वर्गीय राजेश यादव 'नत्थू' के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे और निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।
इसके बाद दोपहर करीब एक बजे वह फौजी कोठी पहुंचकर समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश महासचिव अजय फौजी से मुलाकात करेंगे। इसके पश्चात दोपहर दो बजे राजेंद्र विहार कॉलोनी, सुंदरपुर स्थित राजेश सिंह के आवास पर पहुंचने का कार्यक्रम है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इन मुलाकातों के बाद अखिलेश यादव दोपहर तीन बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से निजी विमान द्वारा लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके इस दौरे को लेकर स्थानीय सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में हलचल है।
