वाराणसी एयर शो के लिए हवाई सुरक्षा घेरा सख्त, नमो घाट के आसपास रेड जोन
वाराणसी। भारतीय वायुसेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आयोजन के दौरान हवाई क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नमो घाट के चारों ओर पांच किलोमीटर के दायरे को अस्थायी रेड जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में सभी प्रकार के ड्रोन और अन्य मानव रहित विमान प्रणालियों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरि मीणा ने ड्रोन नियमावली-2021 के नियम 24(2) के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, नमो घाट को केंद्र मानकर निर्धारित पांच किलोमीटर की परिधि में किसी भी व्यक्ति, संस्था अथवा अन्य इकाई को बिना अनुमति ड्रोन या मानव रहित विमान प्रणाली संचालित करने की अनुमति नहीं होगी।
प्रतिबंध के दायरे में रिमोट से संचालित विमान, क्वाडकॉप्टर, हेक्साकॉप्टर के साथ नैनो, माइक्रो, स्मॉल, मीडियम और लार्ज श्रेणी के सभी ड्रोन शामिल हैं। प्रशासन का उद्देश्य एयर शो के दौरान किसी भी प्रकार की अनधिकृत हवाई गतिविधि को रोकना और कार्यक्रम में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ड्रोन संचालकों और मीडिया कर्मियों से अपील
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के निवासियों, ड्रोन संचालकों, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी से जुड़े लोगों, मीडिया प्रतिनिधियों और संबंधित संस्थानों से प्रतिबंधात्मक आदेश का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्धारित क्षेत्र में ड्रोन संचालन की अनुमति नहीं होगी।
एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां आयोजन की तैयारियों में जुटी हैं। हवाई प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कराने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने और आयोजन को सुरक्षित बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
