BHU में रेजीडेंट डॉक्टर के सुसाइड के बाद, एक और जूनियर डॉक्टर की मौत...
वाराणसी। आईएमएस बीएचयू के सर्जरी विभाग की जूनियर रेजिडेंट डॉ. साईं सत्या का रविवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। वह पिछले 105 दिनों से सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती थीं।
जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 को उन्होंने इंसुलिन का ओवरडोज ले लिया था, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी। उन्हें पहले इमरजेंसी में भर्ती कराया गया और बाद में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में लगातार उपचार चल रहा था।
बताया जाता है कि घटना से कुछ दिन पहले विभाग के एक सीनियर रेजिडेंट के साथ उनकी कहासुनी हुई थी, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
करीब साढ़े तीन महीने तक चले इलाज और तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका। रविवार को उपचार के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई।
ये भी पढ़ें - BHU के रेजीडेंट डॉक्टर की मौत! तीन पन्नों का मिला सुसाइड नोट, मम्मी-पापा माफ करना...लड़की को कुछ मत करना
डॉ. साईं सत्या के निधन की खबर से चिकित्सा जगत और रेजिडेंट डॉक्टरों में शोक की लहर है। सहकर्मी और परिचित उन्हें एक मेहनती और प्रतिभाशाली डॉक्टर के रूप में याद कर रहे हैं।
