मंत्री की फटकार के बाद जागा आवास विकास परिषद, गोकुल धाम कॉलोनी की सड़क का निर्माण फिर शुरू
वाराणसी। पांडेयपुर-आशापुर मुख्य मार्ग से अकथा स्थित गोकुल धाम कॉलोनी को जोड़ने वाली जर्जर सड़क का निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो गया है। लंबे समय से सड़क का काम रुका होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। शनिवार को क्षेत्रीय विधायक एवं स्टांप राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल के निरीक्षण और अधिकारियों को फटकार लगाने के बाद रविवार को निर्माण कार्य में तेजी दिखाई दी।
दरअसल, शनिवार को हुई बैठक में मंत्री ने कार्यदायी संस्था आवास विकास परिषद के अभियंता से सड़क निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी। अभियंता ने बताया कि काम चल रहा है। इस पर मंत्री ने स्थानीय निवासी एक प्रोफेसर से फोन पर बात की और स्पीकर चालू कर उनकी शिकायत सुनी। प्रोफेसर ने बताया कि मौके पर निर्माण कार्य नहीं हो रहा है। इसके बावजूद अभियंता अपनी बात पर कायम रहे।
अभियंता के जवाब से नाराज मंत्री जिलाधिकारी और संबंधित अभियंता को साथ लेकर सीधे निर्माण स्थल पर पहुंच गए। मौके पर सड़क का काम लंबित मिला। इस पर मंत्री ने जिलाधिकारी को संबंधित अभियंता के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद रविवार को विभागीय स्तर पर हलचल तेज हुई और करीब 20 मजदूरों को लगाकर निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
मुख्य मार्ग से गोकुल धाम कॉलोनी तक जाने वाली करीब 400 मीटर सड़क के आरसीसी निर्माण के लिए अवस्थापना निधि से 96 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद क्षेत्रीय विधायक एवं स्टांप राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल ने सड़क निर्माण का शिलान्यास किया था। हालांकि, काम में देरी के चलते लोगों को जर्जर रास्ते से गुजरना पड़ रहा था।
निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने से कॉलोनी के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि विभाग निर्धारित समय में सड़क का निर्माण पूरा करा पाता है या नहीं।
