एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने किए श्री काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन, फैंस में सेल्फी लेने की मची होड़
वाराणसी। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने बुधवार देर शाम श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने विधि-विधान के साथ षोडशोपचार पूजन कर देश और समाज की सुख-समृद्धि तथा शांति की कामना की।
दर्शन-पूजन के बाद जब शिल्पा शेट्टी ललाट पर त्रिपुंड और गले में अंगवस्त्र धारण कर धाम के गेट नंबर-4 से बाहर निकलीं तो वहां मौजूद श्रद्धालुओं और प्रशंसकों ने "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। अभिनेत्री ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया और श्री काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता एवं आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की।
इससे पहले शिल्पा शेट्टी बुधवार शाम बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं। उनके आगमन की सूचना मिलते ही प्रशंसकों की भीड़ जुट गई और उनके साथ सेल्फी व फोटो खिंचवाने की होड़ लग गई। अभिनेत्री ने मुस्कुराते हुए प्रशंसकों का अभिवादन किया और हवाई अड्डे से सीधे होटल के लिए रवाना हो गईं।
बताया जा रहा है कि शिल्पा शेट्टी गुरुवार सुबह अर्दली बाजार स्थित 'धानुका सिल्क्स' के नए प्रतिष्ठान का उद्घाटन करेंगी। इसके अलावा उनके गंगा घाटों का भ्रमण करने और वाराणसी प्रवास के दौरान अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।
