काशी पहुंचीं अभिनेत्री अमन संधू, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में किया पूजन-अर्चन
वाराणसी। छोटे पर्दे की अभिनेत्री अमन संधू रविवार को वाराणसी पहुंचीं और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। काशी में यह उनका पहला दौरा बताया गया है। दर्शन के बाद उन्होंने बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद लिया।
अमन संधू ने वाराणसी के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें अपनापन महसूस हुआ। उन्होंने काशी के लोगों के व्यवहार के साथ यहां के खानपान की भी तारीफ की।
अभिनेत्री ने दर्शन के दौरान मिले सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि आम श्रद्धालुओं को जहां दर्शन के लिए कतार में इंतजार करना पड़ता है, वहीं पुलिस के सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था के कारण उन्हें आसानी से दर्शन का अवसर मिला। इसे उन्होंने महादेव की कृपा बताया।
अमन संधू छोटे पर्दे के कई धारावाहिकों और क्राइम आधारित कार्यक्रमों में काम कर चुकी हैं। वह ‘ब्लू वैन’, ‘काला शहर’, ‘खिड़की’, ‘नीली छतरी वाले’ और ‘क्राइम पेट्रोल’ जैसे कार्यक्रमों से जुड़ी रही हैं। इन दिनों वह अपनी आगामी फिल्म ‘सस्पेक्टेड 01’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसके बावजूद उन्होंने समय निकालकर काशी पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए।
