×

जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि बने श्रीजपेश्वर महादेव मठ के अध्यक्ष

जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि बने श्रीजपेश्वर महादेव मठ के अध्यक्ष
 श्रीजपेश्वर महादेव मठ को मिला नया नेतृत्व, अवधेशानंद गिरि संभालेंगे अध्यक्ष पद

वाराणसी। श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के काशी स्थित श्रीजपेश्वर महादेव मठ एवं परिसर में संचालित भारतीय इंटर कॉलेज, बैजनत्था की प्रबंध समिति का निर्वाचन सोमवार को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री एवं जूना अखाड़ा के संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

निर्वाचन में जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज को सर्वसम्मति से श्रीजपेश्वर महादेव मठ का अध्यक्ष तथा श्रीमहंत प्रेम गिरि को प्रबंधक निर्वाचित किया गया।

नई प्रबंध कार्यकारिणी में श्रीमहंत उमाशंकर भारती को सभापति (उपाध्यक्ष) तथा श्रीमहंत रामेश्वर गिरि महाराज को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा श्रीमहंत महेश पुरी महाराज, श्रीमहंत होम भारती, श्रीमहंत कंचन गिरि महाराज, महंत पृथ्वी गिरि, सुंदर पुरी महाराज, महंत महेंद्रानंद गिरि महाराज, महंत शैलेंद्र गिरि, महंत वीरेंद्रानंद गिरि, महंत रणधीर गिरि, महंत मोहन भारती, महंत निरंजन भारती, शिवानंद सरस्वती एवं श्रीमहंत आनंद पुरी को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। नवगठित प्रबंध कार्यकारिणी का कार्यकाल पांच वर्ष निर्धारित किया गया है।

निर्वाचन प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी पपीहा त्रिपाठी के निर्देशन में तथा अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के संरक्षण एवं आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

बैठक का शुभारंभ भगवान श्रीजपेश्वर महादेव की समाधि, भगवान शिव एवं श्रीहनुमान जी महाराज के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके उपरांत निर्वाचन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए नई प्रबंध समिति की घोषणा की गई। नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को उपस्थित संत-महात्माओं ने शुभकामनाएं देते हुए मठ एवं शैक्षणिक संस्थान के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

Share this story