×

वाराणसी के लल्लापुरा में युवती ने फांसी लगाकर की जीवनलीला समाप्त, मां से कहासुनी के बाद उठाया कदम

वाराणसी के लल्लापुरा में युवती ने फांसी लगाकर की जीवनलीला समाप्त, मां से कहासुनी के बाद उठाया कदम
कहासुनी के बाद युवती ने फांसी लगाई, पुलिस कर रही जांच

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा स्थित एक मकान में 19 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि सी-15/300, लल्लापुरा स्थित मकान में किरायेदार हनुमान चौरसिया की पुत्री पूजा चौरसिया (19) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले पूजा की अपनी मां सावित्री चौरसिया से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह नाराज होकर कमरे में चली गई और फांसी लगा ली।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य संकलित करने के लिए फील्ड यूनिट को बुलाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतका पूजा चौरसिया चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। परिवार में दो भाई और दो बहन हैं, जिनमें एक भाई और एक बहन का विवाह हो चुका है। पूजा ने कक्षा पांच तक शिक्षा प्राप्त की थी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Share this story