बीएचयू के हैदराबाद गेट के पास युवक से मारपीट, घटना का वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के हैदराबाद गेट के पास बुधवार देर शाम एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सुसुवाही स्थित अनंता फूड कोर्ट के सामने हुई घटना में छित्तूपुर निवासी आदर्श राजभर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, घटना चितईपुर थाना क्षेत्र के हैदराबाद गेट के पास हुई। आरोप है कि बाइक से पहुंचे कुछ युवकों ने आदर्श राजभर को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमले से बचने के लिए युवक पास की दुकान में चला गया, लेकिन हमलावर भी उसके पीछे अंदर पहुंच गए। दुकान के भीतर भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दुकानदार और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को हमलावरों से बचाया। इसके बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, विवाद की वजह क्या थी और हमले में कौन-कौन शामिल था, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा सके। वायरल वीडियो के आधार पर भी घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। घटना के पीछे की वजह, आरोपियों की संख्या और मारपीट से जुड़ी अन्य परिस्थितियों को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
