गंगा के तेज बहाव ने छीनी जिंदगी, भोसले घाट पर स्नान करते समय युवक डूबा
भोसले घाट पर गंगा में डूबा 24 वर्षीय युवक, तलाश के बाद बरामद हुआ शव
वाराणसी। गंगा के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के बीच सोमवार सुबह भोसले घाट पर स्नान के दौरान 24 वर्षीय युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही चौक पुलिस मौके पर पहुंची और जल पुलिस तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। काफी प्रयास के बाद उसका शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कुश कुमार (24) पुत्र प्रदीप कुमार, निवासी सरेंजा, थाना राजपुर, जनपद बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है। कुश कुमार अपने चचेरे भाई बैकुंठनाथ (18) के साथ वाराणसी दर्शन-पूजन के लिए आया था।
सोमवार सुबह करीब 7 बजे दोनों भोसले घाट, ब्रह्मनाल पर गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान कुश कुमार अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। उसके चचेरे भाई ने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से गंगा में युवक की तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बढ़ते जलस्तर को लेकर घाटों पर सतर्कता
गंगा के जलस्तर में वृद्धि और तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस की ओर से घाटों पर लगातार सतर्कता बरती जा रही है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों से गहरे पानी में न जाने तथा निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने की अपील की जा रही है।
