×

वाराणसी में काल बनकर दौड़ी पिकअप! ऑटो को मारी भीषण टक्कर, युवक और बुजुर्ग महिला समेत 2 की मौत

वाराणसी में काल बनकर दौड़ी पिकअप! ऑटो को मारी भीषण टक्कर, युवक और बुजुर्ग महिला समेत 2 की मौत

वाराणसी। धर्म नगरी वाराणसी के सरैया-सारनाथ मार्ग पर रविवार की सुबह उस वक्त मातम पसर गया, जब एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि ऑटो चालक सहित कई अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

पुल से उतरते ही हुआ भीषण टकराव

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा बेहद खौफनाक था। रविवार सुबह एक पिकअप वाहन पुल से तेज रफ्तार में नीचे उतर रहा था, तभी पुराने पुल की ओर जा रहे ऑटो से उसकी आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठी सवारियां सड़क पर दूर जा गिरीं।

हादसे में इन्होंने गंवाई जान

इस दुर्घटना में 24 वर्षीय निहाल अहमद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दूसरी मृतका श्याम दुलारी देवी (60 वर्ष) थीं, जो पंचकोशी चौराहे पर ठेला लगाकर अपना गुजारा करती थीं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल अन्य यात्रियों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

मौके पर मची अफरा-तफरी, आरोपी चालक गिरफ्तार

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिकअप चालक गुड्डू साहू को गिरफ्तार कर लिया है।

लापरवाही और तेज रफ्तार बनी कारण

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप चालक बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर सड़क को खाली कराया और यातायात सुचारु किया। आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this story