×

काशी की संस्कृति और पर्यटन को नई दिशा, सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता संपन्न

काशी की संस्कृति और पर्यटन को नई दिशा, सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता संपन्न
काशी की सांस्कृतिक धरोहर पर प्रतिभागियों ने बिखेरा हुनर, 90 विजेता सम्मानित

वाराणसी। काशी की समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा युवाओं को प्रशिक्षित टूरिस्ट गाइड के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित 'काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता-2026' का शुक्रवार को भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 90 विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

यह प्रतियोगिता 16 जुलाई से 24 जुलाई तक लोकसभा वाराणसी क्षेत्र के काशी विद्यापीठ, अराजीलाइन एवं सेवापुरी विकास खंडों के साथ-साथ नगर निगम के सभी पांच जोनों में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 14 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत डेक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन, निबंध लेखन तथा इंस्टाग्राम रील मेकिंग जैसी विभिन्न विधाओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने काशी के घाट, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, काशी का इतिहास, धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं, प्रमुख पर्व-त्योहार, हस्तशिल्प, संत परंपरा, संगीत और स्थानीय खानपान जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

जनपद स्तर पर 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतियोगिता में कुल 313 प्रतिभागियों ने भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं 10 विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित कुल 90 प्रतिभागियों को समापन समारोह में मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

काशी की संस्कृति और पर्यटन को नई दिशा, सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता संपन्न

समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रविन्द्र जायसवाल, विधायक अशोक कुमार तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव तथा सत्येन्द्र कुमार ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने डेक्लेमेशन, प्रेजेंटेशन एवं रील मेकिंग के माध्यम से काशी की सांस्कृतिक विरासत का आकर्षक एवं प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में पर्यटन के प्रति जागरूकता विकसित करना, स्थानीय सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर के प्रति उनकी समझ को सुदृढ़ करना तथा उन्हें पर्यटन क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन काशी की विरासत के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Share this story