×

वाराणसी में मामूली विवाद बना हत्या की वजह, गैस सिलेंडर से युवक पर जानलेवा हमला

वाराणसी में मामूली विवाद बना हत्या की वजह, गैस सिलेंडर से युवक पर जानलेवा हमला

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया में शनिवार देर रात मामूली विवाद के बाद एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि गाली देने का विरोध करने पर दो भाइयों ने पांच लीटर के छोटे घरेलू गैस सिलेंडर से युवक के सिर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

जानकारी के अनुसार, किसान चौक कोनिया निवासी 28 वर्षीय अंकित राजभर शनिवार रात खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान कोनिया घाट स्थित मौर्या किराना की दुकान के पास उसका सामना किशन विश्वकर्मा उर्फ बूढ़े से हो गया। बताया जा रहा है कि किशन किसी बात को लेकर अंकित को गाली देने लगा। अंकित ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसके बाद किशन ने अपने भाई अजय विश्वकर्मा को मौके पर बुला लिया। दोनों ने पास में मौजूद पांच लीटर के छोटे गैस सिलेंडर से अंकित के सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ा। आरोपित उसे मृत समझकर वहां से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अंकित को तत्काल मंडलीय अस्पताल ले गए। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा किया।

सूचना पर एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मजदूरी कर चलाता था परिवार का खर्च

अंकित के माता-पिता छुन्नी लाल और सरस्वती का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसका बड़ा भाई मोहन लाल है, जो दिव्यांग है। मोहन लाल की पत्नी रीना के अनुसार, अंकित मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

पुरानी रंजिश और लेनदेन के विवाद की भी चर्चा

घटनास्थल के पास गैस रिफिलिंग का काम होता है। आसपास के कुछ लोगों ने पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद होने की बात भी बताई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के अनुसार, गाली देने का विरोध करने पर किशन विश्वकर्मा उर्फ बूढ़े ने अपने भाई और अन्य लोगों के साथ मिलकर छोटे घरेलू सिलेंडर से हमला किया, जिससे अंकित की मौत हो गई। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

Share this story