शिवाला में भरभराकर गिरा मकान का बड़ा हिस्सा, बाल-बाल बचे लोग
वाराणसी। काशी के शिवाला क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शिवाला हेरिटेज होटल के बगल स्थित एक मकान का करीब दो-तिहाई हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। तेज आवाज के साथ मकान का हिस्सा गिरने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, हादसा मकान संख्या B-3/28, शिवाला में हुआ। बताया गया कि यह मकान स्वर्गीय विजय कुमार गांगुली के नाम दर्ज था और वर्तमान में इसके छह हिस्सेदार बताए जा रहे हैं।
राहत की बात यह रही कि मकान में वर्तमान में कोई व्यक्ति निवास नहीं कर रहा था। मकान खाली होने के कारण हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घटना के समय मकान में लोग मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद मकान के मलबे को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई गई। स्थानीय पार्षद के अनुसार, इस संबंध में नगर आयुक्त से वार्ता हो चुकी है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली भेजी जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में पुराने और जर्जर भवनों की स्थिति को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की निगरानी में मौके पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
