वाराणसी में स्कूल बस पर गिरा हाईटेंशन बिजली का पोल, बड़ा हादसा टला
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मणपुर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बच्चों को स्कूल से घर छोड़ने जा रही दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस पर अचानक हाईटेंशन बिजली का जर्जर पोल गिर पड़ा। घटना के समय बस में कई बच्चे सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी सुरक्षित बच गए।
बिजली पहले से कटने से टली बड़ी अनहोनी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना से करीब दो घंटे पहले ट्रांसफॉर्मर के नीचे करंट लगने से एक गाय की मौत हो गई थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर इलाके की बिजली कटवा दी थी। यदि उस समय बिजली चालू होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
पोल गिरते ही बस में बैठे बच्चों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बस में सवार सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनके घर भेजा। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों ने लगाया लापरवाही का आरोप
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क किनारे लगा पोल कई दिनों से जर्जर था। सोमवार को ही उसके सड़क की ओर झुकने की जानकारी फोटो के साथ बिजली विभाग को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पार्षद ने उठाए सवाल
नारायणपुर वार्ड के पार्षद संदीप रघुवंशी ने घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को पहले ही जर्जर पोल की सूचना दी गई थी, लेकिन विभाग की अनदेखी के कारण बच्चों की जान जोखिम में पड़ गई।
जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, जर्जर पोलों को तत्काल बदलने और स्कूल मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
