काशी के घाटों पर सजा उत्तर-दक्षिण का सांस्कृतिक संगम, उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने किया काशी तमिल संगमम 5.0 का शुभारंभ
वाराणसी। धर्म, अध्यात्म और संस्कृति की नगरी काशी में शनिवार को पांचवें काशी तमिल संगमम 5.0 का भव्य शुभारंभ हुआ। नमो घाट पर आयोजित उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। इस आयोजन का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सभ्यतागत संबंधों को और मजबूत करना तथा उत्तर और दक्षिण भारत की साझा विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस सांस्कृतिक उत्सव में तमिलनाडु से 1,400 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। आयोजन के दौरान साहित्य, शिक्षा, कला, संस्कृति, आध्यात्मिकता और पारंपरिक ज्ञान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नमो घाट पर 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें सरकारी योजनाओं, हस्तशिल्प, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इससे लोगों को तमिलनाडु की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
तिरुक्कुरल की शिक्षाओं पर रहेगा विशेष फोकस
इस वर्ष काशी तमिल संगमम की थीम 'तिरुक्कुरल पयिल्वोम' यानी 'आइए, तिरुक्कुरल का अध्ययन करें' रखी गई है। इसके माध्यम से तमिल भाषा के महान साहित्यिक ग्रंथ तिरुक्कुरल में निहित नैतिक मूल्यों, जीवन दर्शन, सामाजिक आदर्शों और ज्ञान परंपरा को विद्यार्थियों एवं युवाओं तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यक्रमों के जरिए भारतीय भाषाओं और साहित्यिक परंपराओं के बीच संवाद को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
बीएचयू से अयोध्या तक दिखेगी सांस्कृतिक विविधता
काशी तमिल संगमम के तहत काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में शैक्षणिक संवाद, साहित्यिक परिचर्चाएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। तमिलनाडु से आने वाले प्रतिनिधियों को काशी के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रयागराज और अयोध्या की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से भी उन्हें परिचित कराया जाएगा।
काशी तमिल संगमम केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की भाषाई विविधता के बीच सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का माध्यम है। इसके जरिए उत्तर और दक्षिण भारत की परंपराओं, विचारों और विरासत को एक मंच पर लाने के साथ 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
