वाराणसी में पकड़ी गई नकली दवाओं की खेप ने खोली पोल, हिमाचल में चल रही थी अवैध फैक्ट्री
वाराणसी। जिले के रोहनिया क्षेत्र में नकली दवाओं का स्टॉक मिलने के बाद शुरू हुई जांच में एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में संचालित अवैध दवा निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में दवाओं के निर्माण, पैकिंग और नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम से पैकेजिंग करने के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनें और उपकरण बरामद किए गए हैं।
जांच एजेंसियों के अनुसार, फैक्ट्री में एंटीबायोटिक, न्यूरो मेडिसिन और एसिडिटी से संबंधित महंगी दवाओं की नकल तैयार की जा रही थी। कार्रवाई एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के पर्यवेक्षण में की गई। वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में नकली और संदिग्ध दवाओं का स्टॉक मिलने के बाद औषधि विभाग ने इनके निर्माण स्थल और आपूर्ति नेटवर्क की जांच शुरू की थी। वाराणसी के साथ मुरादाबाद और लखनऊ में हुई जांच से मिले तथ्यों के आधार पर टीम हिमाचल प्रदेश तक पहुंची।
17 प्रकार की दवाओं से मिला फैक्ट्री का सुराग
जांच के दौरान वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र में 17 प्रकार की संदिग्ध दवाओं की पहचान हुई थी। इनके निर्माण और वितरण से जुड़े लोगों का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई गई। इसी क्रम में हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की नालागढ़ तहसील के राजपुरा स्थित खेड़ा बाईपास पर संचालित संदिग्ध फैक्ट्री को चिह्नित किया गया। संयुक्त टीम ने यहां छापेमारी की तो फैक्ट्री में दवा निर्माण का काम संचालित मिला।
प्रारंभिक जांच में पैन-डी कैप्सूल, प्रेसिज-300, न्यूरो-300 और प्रेगाबालिन आधारित दवाओं के अलावा सी-एजेड नाम से सेफिक्सिम और एजिथ्रोमाइसिन आधारित एंटीबायोटिक तथा ए-सिपेक्स-625 नाम से एमोक्सिसिलिन और पोटैशियम क्लैवुलानेट आधारित दवाओं के निर्माण से जुड़े साक्ष्य मिले हैं।
नामी कंपनियों के नाम पर तैयार हो रही थीं दवाएं
छापेमारी के दौरान जीरोडोल एसपी, मॉन्टिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवेम 625, शेलकॉल 500 और टैक्सिम ओ 200 जैसी दवाओं से संबंधित सामग्री भी बरामद हुई। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इन दवाओं को असली ब्रांडेड उत्पादों की तरह पैक कर बाजार में खपाने की तैयारी थी। बरामद दवाओं और पैकेजिंग सामग्री की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है।
निर्माण से लेकर पैकिंग तक की मिली पूरी व्यवस्था
फैक्ट्री में ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्युमिनियम-एल्युमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने वाली मशीन और वजन मापने के उपकरण मिले हैं। इसके अलावा दवाओं के पत्तों और पैकेटों पर छपाई के लिए इस्तेमाल होने वाली प्रिंटेड फॉइल तथा स्टीरियो प्रिंटिंग के उपकरण भी बरामद किए गए। इन मशीनों की मौजूदगी से स्पष्ट हुआ कि इकाई में केवल दवाओं का भंडारण नहीं, बल्कि निर्माण से लेकर पैकेजिंग तक की व्यवस्था मौजूद थी।
आपूर्ति नेटवर्क खंगाल रहीं जांच एजेंसियां
कार्रवाई के बाद अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फैक्ट्री में तैयार की जा रही नकली दवाओं की आपूर्ति किन राज्यों और शहरों में की जाती थी। इस अवैध कारोबार में शामिल दवा कारोबारियों, बिचौलियों और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही कच्चे माल की खरीद, दवाओं के निर्माण और उनके वितरण से जुड़े वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है।
नकली एंटीबायोटिक और अन्य दवाओं का इस्तेमाल मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे में वाराणसी से शुरू हुई जांच का हिमाचल प्रदेश तक पहुंचना दवाओं के अवैध कारोबार के बड़े नेटवर्क की ओर संकेत करता है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
