छठ से देव दीपावली तक काशी में सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार, ADG नवीन अरोड़ा ने गंगा के रास्ते परखी व्यवस्था
वाराणसी। काशी में छठ पूजा, गंगा महोत्सव, देव दीपावली और काशी तमिल संगमम जैसे प्रमुख आयोजनों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) नवीन अरोड़ा, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने एनडीआरएफ एवं जल पुलिस की मोटर बोट से नमो घाट से अस्सी घाट तक गंगा के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जलमार्ग से सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और आयोजन स्थलों पर की जा रही तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। वीवीआईपी और आम श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था, मजबूत बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, स्मार्ट लाइटिंग, फ्लोरल डेकोरेशन और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की गई। इसके साथ ही मंच, सेफ हाउस, आरती स्थलों और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
जलमार्ग और घाटों की सुरक्षा पर विशेष फोकस
गंगा में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए एनडीआरएफ, जल पुलिस और फ्लड पीएसी की तैनाती को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने नावों के व्यवस्थित संचालन, निर्धारित लेन व्यवस्था, वॉटर बैरिकेडिंग और नाविकों द्वारा लाइफ जैकेट के अनिवार्य इस्तेमाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। घाटों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी, भीड़ नियंत्रण तथा बचाव दलों की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
24 नवंबर को देव दीपावली का मुख्य आयोजन
इस वर्ष देव दीपावली का मुख्य आयोजन 24 नवंबर को प्रस्तावित है, जबकि 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन के दौरान गंगा के पक्के घाटों, रेतीले तटों और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है। दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा आरती, चेतसिंह घाट पर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो तथा दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र होंगे।
ट्रैफिक और आपातकालीन सेवाओं की भी होगी व्यवस्था
आयोजनों में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन, पार्किंग स्थलों और सुगम आवागमन की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर, घाटों पर बचाव दलों की उपलब्धता और जलमार्ग में सुरक्षा निगरानी को मजबूत बनाने की योजना है।
विभागों के बीच समन्वय से सफल आयोजन की तैयारी
छठ पूजा से लेकर देव दीपावली और काशी तमिल संगमम तक लगातार होने वाले आयोजनों को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। इसके लिए पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, एनडीआरएफ और जल पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों के निरीक्षण का उद्देश्य घाटों से लेकर जलमार्ग तक सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है।
