×

वंदे भारत में छूटा लाखों की नकदी से भरा बैग, रेलवे कर्मचारी की ईमानदारी ने जीता विदेशी पर्यटक का दिल

सिंगापुर के पर्यटक का बैग सफाई के दौरान मिला, 2.11 लाख रुपये और हजारों डॉलर सुरक्षित लौटाए गए

वाराणसी। काशी भ्रमण पर आए सिंगापुर के एक पर्यटक का लाखों रुपये की नकदी से भरा बैग वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में छूट गया। ट्रेन की सफाई के दौरान बैग मिलने पर रेलवे कर्मचारी ने ईमानदारी का परिचय देते हुए उसे अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया। यात्री की पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद बैग में रखी पूरी नकदी सुरक्षित वापस कर दी गई। रेलवे कर्मचारी की इस तत्परता और ईमानदारी से विदेशी पर्यटक काफी प्रभावित हुए और उन्होंने भारतीय रेलवे की सराहना की।

जानकारी के अनुसार, सिंगापुर निवासी पर्यटक भारत भ्रमण के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस से वाराणसी पहुंचे थे। यात्रा पूरी होने के बाद वह ट्रेन से उतर गए, लेकिन जल्दबाजी में अपना नकदी से भरा बैग ट्रेन में ही भूल गए। इसके बाद ट्रेन यार्ड में पहुंची, जहां नियमित सफाई का काम शुरू हुआ। इसी दौरान सफाई कर्मचारी की नजर सीट पर छूटे बैग पर पड़ी।

बैग की जांच करने पर उसमें करीब 2.11 लाख रुपये भारतीय मुद्रा के अलावा हजारों डॉलर की विदेशी करेंसी भी रखी मिली। इतनी बड़ी रकम मिलने के बावजूद कर्मचारी ने किसी तरह का लालच नहीं दिखाया और तत्काल इसकी जानकारी रेलवे अधिकारियों को देते हुए बैग उनके सुपुर्द कर दिया।

गाइड के साथ कैंट स्टेशन पहुंचे पर्यटक

दूसरी ओर, बैग गायब होने का पता चलने पर विदेशी पर्यटक परेशान हो गए। वह अपने गाइड के साथ कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे और रेलवे अधिकारियों को बैग तथा उसमें रखी नकदी के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने पर्यटक से आवश्यक पूछताछ की और उनके दावे का सत्यापन किया। पहचान की पुष्टि होने के बाद बैग उन्हें सौंप दिया गया। बैग में रखी भारतीय और विदेशी मुद्रा पूरी तरह सुरक्षित मिलने पर पर्यटक ने राहत की सांस ली।

स्टेशन निदेशक ने की कर्मचारी की ईमानदारी की सराहना

स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि ट्रेन की सफाई के दौरान कर्मचारी को बैग मिला था। कर्मचारी ने नियमानुसार उसे रेलवे अधिकारियों के सुपुर्द किया। यात्री की पहचान सुनिश्चित करने के बाद उनका सामान वापस कर दिया गया। विदेशी पर्यटक ने रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी और तत्परता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत में उन्हें मिला यह अनुभव बेहद सकारात्मक रहा। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे कर्मचारियों की जिम्मेदारी और ईमानदारी की मिसाल पेश की है।

Share this story