वाराणसी स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत 98 महिलाओं और किशोरियों की स्वास्थ्य जाँच
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल पर चल रहे स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत मंडल चिकित्सालय, लहरतारा में महिलाओं एवं किशोरियों हेतु उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 98 महिलाओं और किशोरियों की स्वास्थ्य जाँच की गई।
शिविर का नेतृत्व मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. ममता सिंह ने किया। उनके साथ सहायक मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. अमरनाथ और वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. मोनिका शुक्ला ने महिलाओं की लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर, ईसीजी और ब्लड प्रेशर की जाँच की। साथ ही अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी सैम्पल कलेक्ट कर लैब में भेजे गए ताकि समय रहते रोग की पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे. चौधुरी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा -
महिलाओं का स्वास्थ्य एक मजबूत परिवार और राष्ट्र की नींव है। एनीमिया, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों की समय पर पहचान और इलाज से न केवल महिलाओं बल्कि पूरे परिवार को सुरक्षित भविष्य मिलता है।
उन्होंने आगे कहा कि स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान पूरे भारत में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इसमें रेल मंत्रालय भी सहयोगी मंत्रालय के रूप में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के साथ सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
वाराणसी मंडल चिकित्सालय द्वारा आयोजित इस जागरूकता शिविर के माध्यम से रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय समुदाय को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
