वाराणसी के 26 वेंडिंग जोन में बसाए जाएंगे 905 पटरी व्यवसायी, 10 दिन में मिलेंगे प्रमाण पत्र और आईकार्ड
वाराणसी। शहर में पटरी व्यवसायियों को व्यवस्थित करने और उन्हें निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। प्रथम चरण में शहर के 26 अधिसूचित वेंडिंग जोन में 905 पटरी व्यवसायियों को स्थापित किया जाएगा। इसके लिए सर्वेक्षण का कार्य पूरा हो चुका है। अब आगामी 10 दिनों के भीतर सूची पर प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण कर पात्र वेंडर्स को पथ विक्रय प्रमाण पत्र और परिचय पत्र वितरित करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में शुक्रवार को नगर आयुक्त एवं नगर पथ विक्रय समिति के अध्यक्ष हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वेक्षित 905 वेंडर्स की सूची प्रस्तुत की गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सूची पर प्राप्त सभी आपत्तियों का निर्धारित समयसीमा में अंतिम रूप से निस्तारण किया जाए, ताकि पात्र पटरी व्यवसायियों को संबंधित वेंडिंग जोन में व्यवस्थित रूप से स्थान आवंटित किया जा सके।
बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नए वेंडिंग जोन विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों को चौराहों, पार्कों, फ्लाईओवरों तथा पानी की टंकियों के आसपास उपयुक्त स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर नए वेंडिंग जोन की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।
चार नए वेंडिंग जोन के प्रस्तावों को मंजूरी
समिति की बैठक में चार नए प्रस्तावित वेंडिंग जोन को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई। इनमें भेलूपुर जोन में सामने घाट से जजेज आवास के मध्य, वरुणापार जोन में वीडीए संगीत पथ के पास तथा दशाश्वमेध जोन में भारत सेवाश्रम संघ से सुलभ शौचालय तक बाईं ओर अस्थायी वेंडिंग जोन बनाने के प्रस्ताव शामिल हैं।
नगर निगम की इस पहल से पटरी व्यवसायियों को निर्धारित स्थानों पर कारोबार करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, शहर में सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिल सकती है।
बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (नगर), सहायक पुलिस आयुक्त, विभिन्न जोनों के जोनल अधिकारी, शहर मिशन प्रबंधक, डूडा के प्रतिनिधि तथा नगर पथ विक्रय समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
