×

दून एक्सप्रेस में 45 जिंदा कछुए बरामद, वाराणसी कैंट स्टेशन पर वन्यजीव तस्करी का बड़ा खुलासा

दून एक्सप्रेस में 45 जिंदा कछुए बरामद, वाराणसी कैंट स्टेशन पर वन्यजीव तस्करी का बड़ा खुलासा
 दून एक्सप्रेस में मिला कछुओं का जखीरा, वाराणसी कैंट स्टेशन पर वन्यजीव तस्करी का बड़ा खुलासा
 

वाराणसी। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दून एक्सप्रेस के जनरल कोच से 45 जिंदा कछुए बरामद किए हैं। कछुओं को पांच लावारिस बैगों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े वन्यजीव तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका जताई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टेशन पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि दून एक्सप्रेस के पिछले जनरल डिब्बे में अवैध रूप से कछुओं की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने संबंधित कोच में तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान पांच संदिग्ध लावारिस बैग मिले। बैगों की जांच करने पर उनमें से कुल 45 जिंदा कछुए बरामद हुए, जिनमें 36 छोटे और 9 बड़े कछुए शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक बड़े कछुओं का वजन लगभग 10 से 15 किलोग्राम के बीच है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कछुओं को जौनपुर क्षेत्र से ट्रेन में लादा गया था और बिहार ले जाया जा रहा था। अधिकारियों का मानना है कि यह मामला किसी संगठित वन्यजीव तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इन कछुओं की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध तस्कर की तस्वीर भी मिली है, लेकिन स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ का फायदा उठाकर वह मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं तथा विभिन्न स्तरों पर जांच जारी है।

बरामद सभी कछुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर वन विभाग को सौंप दिया गया है। वन विभाग की टीम उनकी प्रजाति की पहचान करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया में जुटी है। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this story