3S Vyapar काशी चैप्टर की व्यावसायिक बैठक संपन्न, रश्मि डिडवानिया के प्रेरक संबोधन और AI सत्र ने बटोरी सराहना
वाराणसी। 3S Vyapar काशी चैप्टर द्वारा आयोजित व्यावसायिक बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम में शहर के अनेक व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स ने सहभागिता कर नेटवर्किंग, ज्ञानवर्धक सत्रों और नए व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठाया।
बैठक की शुरुआत वन टू वन इंटरैक्शन सत्र से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने आपसी परिचय के साथ संभावित व्यापारिक सहयोग पर चर्चा की। इसके बाद 3S Vyapar के संस्थापक विपिन मिश्र ने संस्था के उद्देश्यों और व्यापारिक समुदाय को सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर एवं व्यवसायिक मार्गदर्शक रश्मि दिदवानिया रहीं। उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन “फर्श से अर्श तक” के माध्यम से सफलता, अनुशासन और निरंतर प्रयास के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके विचारों और अनुभवों ने उपस्थित सदस्यों को विशेष रूप से प्रेरित किया।

बैठक में सदस्यों को 30 सेकंड में अपने व्यवसाय का परिचय देने का अवसर भी दिया गया, जिससे नए व्यावसायिक संपर्क स्थापित हुए। वहीं “ट्रेनिंग भारत” सत्र में हिमांशु पाठक ने डिजिटल मार्केटिंग के प्रभावी उपयोग और व्यवसाय विस्तार के आधुनिक तरीकों की जानकारी साझा की। इसके अलावा देवेश गुप्ता ने सोलर व्यवसाय से जुड़े अवसरों पर प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आयोजित विशेष सत्र रहा। संस्थापक विपिन मिश्र ने व्यवसाय में AI के बढ़ते महत्व, उसके व्यावहारिक उपयोग और भविष्य की संभावनाओं पर जानकारी दी। उपस्थित सदस्यों ने इस सत्र को अत्यंत उपयोगी बताते हुए आधुनिक तकनीक को अपने व्यवसाय में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

समापन अवसर पर नए सदस्यों का सम्मान किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन हुआ। आयोजकों ने बताया कि 3S Vyapar काशी चैप्टर की अगली व्यावसायिक बैठक 28 जून 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स के शामिल होने की उम्मीद है।
