वाराणसी में 3S Vyapar का विस्तार, व्यापारियों को मिलेगा नेटवर्किंग और डिजिटल कारोबार का नया मंच
वाराणसी। बदलते कारोबारी परिवेश में व्यापारियों और उद्यमियों को एकीकृत मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3S Vyapar ने वाराणसी में अपने पहले "काशी चैप्टर" की सफल शुरुआत की है। यह मंच व्यापारिक नेटवर्किंग, डिजिटल कनेक्टिविटी और ई-कॉमर्स सुविधाओं को एक साथ जोड़कर व्यवसायियों को नए अवसर उपलब्ध कराने का दावा कर रहा है।
सारनाथ स्थित होटल मोती महल में आयोजित प्रथम चैप्टर मीटिंग में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों, व्यापारियों और प्रोफेशनल्स ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसायिक नेटवर्किंग, डिजिटल ब्रांडिंग और ऑनलाइन मार्केट विस्तार के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई।
3S Vyapar के तहत सदस्यों को नियमित ऑफलाइन बैठकों के माध्यम से अपने व्यवसाय का परिचय देने और संभावित ग्राहकों व व्यापारिक सहयोगियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। वहीं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए देशभर के व्यवसायियों के साथ संपर्क स्थापित कर व्यापारिक संभावनाओं को बढ़ाया जा सकेगा।

संस्था के संस्थापक विपिन मिश्र ने कहा कि वर्तमान समय में केवल संपर्क बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन संपर्कों को वास्तविक व्यापारिक अवसरों में बदलना आवश्यक है। इसी सोच के साथ 3S Vyapar को विकसित किया गया है ताकि सदस्य व्यवस्थित और परिणामोन्मुख तरीके से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।
सह-संस्थापक कामाक्षी पांडेय ने बताया कि यह मंच व्यापारियों को ऑफलाइन नेटवर्किंग के साथ-साथ डिजिटल पहचान और ई-कॉमर्स सुविधाएं भी प्रदान करता है। इससे छोटे और मध्यम स्तर के व्यवसायों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में मौजूद उद्यमियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे स्थानीय व्यापार जगत के लिए एक सकारात्मक कदम बताया। प्रतिभागियों का कहना था कि ऐसे मंच व्यापारियों को नई सोच, नए संपर्क और नए बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
आयोजकों के अनुसार 3S Vyapar का लक्ष्य आने वाले समय में देश के विभिन्न शहरों में अपने चैप्टर स्थापित कर एक मजबूत और भरोसेमंद व्यापारिक नेटवर्क तैयार करना है, जिससे व्यापारियों को दीर्घकालिक लाभ और विकास के अवसर प्राप्त हो सकें।
