×

काशी विश्वनाथ मंदिर में VIP दर्शन के नाम पर ठगी, 25 दलाल गिरफ्तार

काशी विश्वनाथ मंदिर में VIP दर्शन के नाम पर ठगी, 25 दलाल गिरफ्तार
 

वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर में वीआईपी दर्शन और स्पर्श दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी करने वाले दलालों और फर्जी पंडा-पुजारियों के खिलाफ वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान चौक और दशाश्वमेध थाना पुलिस ने कुल 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें कई आरोपी पुजारी के वेश में श्रद्धालुओं को निशाना बना रहे थे।

पुलिस के अनुसार चौक थाना क्षेत्र से 22 और दशाश्वमेध थाना क्षेत्र से 3 आरोपियों को पकड़ा गया। सभी आरोपी मंदिर परिसर, घाटों और आसपास के मुख्य मार्गों पर घूमकर श्रद्धालुओं को जल्दी दर्शन कराने का झांसा देते थे। आरोपियों द्वारा “VIP दर्शन”, “सुगम दर्शन” और “स्पर्श दर्शन” के नाम पर 500 से 2000 रुपये तक वसूले जाते थे।

पुजारी बनकर कर रहे थे ठगी

जांच में सामने आया कि कई आरोपी विप्र वेशभूषा धारण कर खुद को मंदिर से जुड़ा व्यक्ति बताते थे, जबकि कुछ सामान्य श्रद्धालु बनकर पर्यटकों को अपने जाल में फंसाते थे। पुलिस टीम के पहुंचते ही कई आरोपी भागने लगे, लेकिन सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि वे श्रद्धालुओं को गुमराह कर अवैध वसूली करते थे। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं मंदिर परिसर में तैनात कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत तो नहीं थी।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि काशी विश्वनाथ मंदिर में फर्जी दलालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी पुलिस कई मौकों पर फर्जी एजेंटों और दलालों को गिरफ्तार कर चुकी है। खासकर सावन, महाशिवरात्रि, कुंभ और त्योहारों के दौरान ऐसे मामलों में तेजी देखने को मिलती है।

ACP बोले- श्रद्धालुओं की शिकायतों के बाद चला अभियान

एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से पैसे मांग रहे हैं और अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। इसी के चलते विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि अभियान में नए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में लगाया गया था ताकि आरोपियों की पहचान आसानी से हो सके।

फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this story