काशी स्टेशन से 18 वर्षीय युवती रहस्यमय ढंग से लापता, आदमपुर पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित काशी रेलवे स्टेशन से एक 18 वर्षीय युवती रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। युवती के परिजनों की शिकायत पर आदमपुर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, युवती बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर क्षेत्र की रहने वाली है। वह सुबह घर से बिना किसी को बताए निकल गई थी और रांची-पटना मार्ग से होते हुए काशी रेलवे स्टेशन पहुंची।
स्टेशन पर मौजूद उसके गांव के एक परिचित व्यक्ति ने युवती को पहचान लिया और उसका हालचाल पूछा। युवती ने सब कुछ ठीक होने की बात कही, लेकिन इसके बाद वह बिना कोई जानकारी दिए एक टोटो में बैठकर वहां से चली गई। बाद में उस व्यक्ति ने युवती के परिजनों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर युवती का भाई प्रकाश जिंदल वाराणसी पहुंचा और काफी तलाश के बावजूद बहन का कोई पता नहीं चलने पर आदमपुर थाने में लिखित तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर काशी रेलवे स्टेशन, ऑटो स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही युवती के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया है और उसके परिजनों एवं परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
आदमपुर पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर युवती का जल्द पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
